रास्ते पर जल-निकासी के लिए पाइप डालकर कब्जे की कोशिश:पीड़ित बोला– 50 साल पहले जमीन और मकान का हो चुका था बंटवारा


मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र में जमीन और रास्ते के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। नगला रते मोहल्ले के निवासी राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष उनके निजी रास्ते पर जबरन जल निकासी पाइप डालकर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। राजेंद्र सिंह के अनुसार, उनके परिवार में करीब 50 वर्ष पहले जमीन और मकान का बंटवारा हो चुका था और विवादित रास्ता उनके हिस्से में आता है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पहले न्यायालय में मामला भी चल चुका है, जिसका फैसला उनके पक्ष में आया था। पीड़ित का आरोप है कि 4 मई 2026 की शाम विपक्षी पक्ष के कई लोग उनके रास्ते पर पहुंचे और पानी निकालने के लिए पाइप डालने की नीयत से खुदाई शुरू कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ। राजेंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बावजूद मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि विपक्षी पक्ष पहले भी कई बार जमीन पर कब्जे का प्रयास कर चुका है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो को लेकर पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि वह वीडियो वर्तमान घटना का नहीं, बल्कि करीब चार साल पुराना है। उनका आरोप है कि पुराने वीडियो को दोबारा वायरल कर दबाव बनाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की मांग की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *