![]()
रायबरेली में एक 10 वर्षीय बच्ची की कथित लापरवाही से हुई मौत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जेल रोड स्थित शाश्वत नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है और संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची का टॉन्सिल का ऑपरेशन इसी नर्सिंग होम में हुआ था। पीड़ित पिता शरद कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शिवानी सिंह को टॉन्सिल के ऑपरेशन के लिए 29 जून 2026 को शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यह घटना जिले के स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही और निजी अस्पतालों की मनमानी को उजागर करती है। बच्ची की नाक से बह रहा था खून परिजनों का आरोप है कि 30 जून की सुबह ऑपरेशन थिएटर से बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब वे अंदर पहुंचे, तो देखा कि बच्ची की नाक से खून बह रहा था और उसे बिना स्ट्रेचर के बाहर लाया गया। आरोप है कि बच्ची को शांत करने के लिए एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और उसकी धड़कनें रुक गईं। अस्पताल में ऑक्सीजन और आपातकालीन सेवाओं का अभाव था। इसके बाद परिजन बच्ची को स्वयं एम्बुलेंस से लखनऊ के अपोलो अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रेन डैमेज’ बताया और कोमा में घोषित कर दिया। पांच दिनों तक जीवन-मृत्यु से संघर्ष करने के बाद मासूम शिवानी ने दम तोड़ दिया। घटना के तूल पकड़ने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने संज्ञान लिया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से विस्तृत जांच करवाई। जांच में सामने आया कि जेल रोड स्थित यह नर्सिंग होम बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सिंग होम को सील कर संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
Source link
रायबरेली में बच्ची की मौत पर नर्सिंग होम सील:डीएम ने अवैध शाश्वत नर्सिंग होम पर की कार्रवाई, डॉक्टर पर FIR