रामपुर में सरकारी पेड़ काटे, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त:पेट्रोल पंप निर्माण के लिए अवैध कटान, किसान नेता-शिक्षक पर आरोप


रामपुर में सरकारी पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने पांच दिन पहले कटे हुए पेड़ों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। आरोप है कि निगम द्वारा दिए गए टेंडर की आड़ में ठेकेदारों ने अनुमति से अधिक पेड़ काट दिए। यह कटाई दीक्षित फ्यूल पंप के निर्माण के लिए की गई थी, जिसके रास्ते में कुछ सरकारी पेड़ आ रहे थे। निगम से पेड़ों की कटाई के लिए कथित तौर पर टेंडर लिया गया था। हालांकि, ठेकेदारों पर आरोप है कि उन्होंने इस अनुमति का दुरुपयोग करते हुए प्रतिबंधित सरकारी पेड़ों को भी काट डाला। इस मामले में एक किसान यूनियन के बड़े नेता संजोर अली पाशा और एक सरकारी अध्यापक जमील अहमद का नाम सामने आ रहा है। दीक्षित पेट्रोल पंप के संचालक विवेक दीक्षित ने बताया कि उन्होंने पेड़ों की अनुमति ली थी, और यदि संख्या से अधिक पेड़ काटे गए हैं तो यह ठेकेदारों की गलती है। वहीं, जमील अहमद ने पेड़ काटने में अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए विभाग को लिखित में जानकारी दी है। संजोर अली पाशा का कहना है कि यदि अधिक पेड़ काटे गए हैं तो विभाग इसे साबित करे। वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त करने के बावजूद अभी तक कोई चालान नहीं किया है। विभागीय अधिकारियों ने इसे ‘रूटीन प्रक्रिया’ बताया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी शिव शंकर यादव इस मामले पर बात करने के लिए उपलब्ध नहीं थे। डिप्टी रेंजर कोहली ने कहा कि अधिकारी इस बारे में जानकारी देंगे। जिला वन्य अधिकारी प्रणब जैन ने पुष्टि की कि पेड़ काटने में संजोर अली पाशा और जमील अहमद के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक पेड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालान नहीं किया गया है और प्रक्रिया जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *