मुरादाबाद में गागन नदी हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय:मंडलायुक्त ने 15 दिन में अस्थायी पुल बनाने के दिए निर्देश


मुरादाबाद के चौधरपुर (मलंगदत्ता) में गागन नदी पर बने कच्चे पुल से उतरते समय शुक्रवार शाम हुए हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को असुरक्षित मार्ग पर आवागमन रोकने तथा 15 दिन के भीतर सुरक्षित अस्थायी सेतु तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ने मंडलायुक्त को बताया कि गागन नदी पर स्थायी पुल के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने मार्च 2026 में मुख्य अभियंता (सेतु), लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद स्थायी सेतु के निर्माण हेतु संशोधित प्रस्ताव जून 2026 में भी भेजा जा चुका है। मंडलायुक्त ने जोर दिया कि स्थायी पुल का निर्माण होने तक स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कच्चे और असुरक्षित रास्ते से लोगों का आवागमन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, 15 दिन के भीतर सुरक्षित अस्थायी सेतु बनाकर लोगों के लिए आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने एसडीएम सदर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और परियोजना प्रबंधक सेतु निगम को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्थायी सेतु के प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करने का भी निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, मंडलायुक्त ने हादसे के दौरान राहत और बचाव कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों को चिन्हित कर सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में अस्थायी सेतु तैयार कराने को भी कहा। निरीक्षण के समय एसडीएम सदर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और सेतु निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *