मोहर्रम में छज्जा गिरने के मामले में मुकदमा दर्ज:सबील बांटने के दौरान हुआ हादसा, दो सगे भाइयों पर गैर इरादतन हत्या का केस


लखनऊ के महोना के पकरिया मोहल्ले में मोहर्रम पर सबील बांटने के दौरान छज्जा गिरने से दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हादसे में जान गंवाने वाले 12 साल के अरमान के पिता इमरान की तहरीर पर इटौंजा थाने में मेराज और उसके भाई गुलजार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर लापरवाही से सबील वितरण करने का आरोप है। इमरान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया शुक्रवार रात मेराज और गुलजार अपने मकान के करीब छह फीट ऊंचे छज्जे पर खड़े होकर बिस्कुट, कोल्डड्रिंक और शरबत की सबील बांट रहे थे। आरोप है कि दोनों बिस्कुट और कोल्डड्रिंक हवा में उछाल-उछालकर लोगों को दे रहे थे। इसी दौरान कर्बला से लौट रहे लोग भीषण गर्मी के कारण वहां रुक गए और सबील लेने वालों की भीड़ बढ़ गई। धक्का-मुक्की के बीच कुछ लोग छज्जे पर लटक गए, जिससे कमजोर छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय नीचे अरमान, उसका साथी अली और अन्य लोग खड़े थे। सभी मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अरमान और अली को मृत घोषित कर दिया। हादसे में आठ अन्य लोग घायल हुए थे। एसीपी बीकेटी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि अस्पताल में भर्ती आठ घायलों में चार की हालत स्थिर है। मामले में मेराज और गुलजार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *