![]()
गोरखपुर में शनिवार को अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्कर गिरोह के सदस्य करन सोनकर को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .32 बोर की एक अवैध आटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई है। साथ ही इस मामले में फरार चल रहे बांसगांव के उनौला खास निवासी प्रमोद यादव और खोराबार के मिर्जापुर निवासी राजू यादव ने 24 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। दोनों से पूछताछ करके पुलिस उनके पास से पिस्टल बरामद करने की तैयारी कर रही है। आरोपी बोला 25 हजार में खरीदी थी पिस्टल पुलिस के अनुसार, करन सोनकर गोरखनाथ क्षेत्र के कोरी टोला, धर्मशाला बाजार का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने श्रेयांश यादव से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। 14 सितंबर को एसटीएफ ने लारेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड गिरोह से जुड़े श्रेयांश यादव उर्फ बबलू समेत पांच असलहा तस्करों को कैंट क्षेत्र में विंध्यवासिनी पार्क के पास गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार पिस्टल, चार मैगजीन, एक .32 बोर रिवाल्वर और कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में असलहा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी सामने आई थी। एसटीएफ के निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने इस मामले में 31 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया है। आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों से पूछताछ करेगी पुलिस पुलिस के अनुसार प्रमोद यादव और राजू यादव ने 24 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। विवेचक सोमवार को जिला कारागार जाकर दोनों का बयान दर्ज करेंगे। इसके बाद न्यायालय से रिमांड लेकर उनकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस यह भी पता करेगी कि दोनों ने असलहा किससे और कितने रुपये में खरीदा था तथा नेटवर्क में उनकी भूमिका क्या थी।
Source link
गोरखपुर में पकड़ा गया असलहा तस्कर:पुलिस ने ऑटोमैटिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से खरीदा था