कांग्रेस बोली-सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों की जानकारी छिपाई:रक्षा मंत्रालय बोला- शहीदों को शुरू से सम्मान मिला, राजनाथ का बयान गलत संदर्भ में दिखाया


ऑपरेशन सिंदूर में भारत के शहीद 6 जवानों के नाम शुक्रवार को सार्वजनिक किए। इसके एक दिन बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा कहा, ‘सरकार ने इन जवानों की शहादत एक साल तक सार्वजनिक नहीं की। उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।’ पवन खेड़ा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए बयान का वीडियो X पर शेयर किया। इसमें राजनाथ सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी जवान को नुकसान नहीं हुआ। पोस्ट में पवन खेड़ा ने लिखा- दो ही संभावनाएं हैं। या तो रक्षा मंत्री को उस समय छह जवानों की शहादत की जानकारी नहीं थी या उन्होंने संसद को गुमराह किया। दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं। रक्षा मंत्रालय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शहीदों को शुरू से सम्मान दिया गया और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए बयान को संदर्भ से काटकर पेश किया जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवान… रक्षा मंत्रालय बोला- आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट में यह गलत दावा किया जा रहा है कि छह शहीदों को पहली बार अब सार्वजनिक सम्मान मिला है। यह दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है। ‘वार मेमोरियल पर नाम दर्ज करने की तय प्रक्रिया है’ रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों के नाम दर्ज करने की एक तय प्रक्रिया और प्रोटोकॉल है। सभी नाम उसी प्रक्रिया के तहत दर्ज किए जाते हैं। इसलिए यह कहना कि नाम दर्ज करने में देरी हुई या शहीदों को अब पहली बार सम्मान मिला है, सही नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सभी निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। छहों शहीद राष्ट्रीय नायक हैं और उनका बलिदान हमेशा सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। राजनाथ के बयान पर भी दी सफाई रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सोशल मीडिया पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए भाषण के एक हिस्से को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया। इससे यह गलत संदेश देने की कोशिश की गई कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में किसी भारतीय सैनिक के शहीद न होने की बात कही थी। मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह का बयान उस समय फैलाए जा रहे उन दावों के जवाब में था, जिनमें कहा जा रहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के पायलट मारे गए थे। रक्षा मंत्री ने उसी दावे का खंडन किया था। मंत्रालय ने कहा कि पूरे भाषण को पढ़ने पर स्पष्ट है कि वह ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सशस्त्र बलों के साहस का उल्लेख कर रहे थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *