मैनपुरी में वृद्ध दंपती ने खाया जहर:सैफई पीजीआई में मौत, कर्ज के चलते आत्महत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी


मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के अढूपुर गांव में एक वृद्ध दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव निवासी संतोष कुमार और उनकी पत्नी राधा देवी सोडरा गांव के पास अचेत अवस्था में मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन उन्हें सैफई पीजीआई ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिवार में शोक का माहौल छा गया। मृतक दंपती का एक बेटा दिलीप, जो सेना में कार्यरत है, सूचना मिलने पर घर के लिए रवाना हो गया है। उनका दूसरा बेटा पहले से ही घर पर मौजूद था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी करहल अजय चौहान और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में दंपती द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने की बात सामने आई थी। गंभीर हालत में उन्हें सैफई पीजीआई रेफर किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मृतक किसान पर बैंक का कर्ज था और आर्थिक दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। यदि परिजनों या किसी अन्य पक्ष से कोई तहरीर मिलती है, तो उसके आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *