![]()
सीतापुर सदरपुर थाना क्षेत्र में बिसवां-रेउसा रोड पर धामी सराय के पास रविवार देर शाम करीब 7:15 बजे को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रेउसा की ओर से आ रही एक बाइक को बिसवां की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद जैब (25) पुत्र मीनू निवासी मोहल्ला पटेलनगर, कोतवाली बिसवां तथा मोहम्मद अनस (23) पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी कामंगरी टोला, कोतवाली बिसवां के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में परिचित बताए जा रहे हैं और किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सीतापुर में कार-बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत:ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, कार चालक फरार