![]()
मैं कंचन हूं। आज भी जब उस रात का मंजर याद आता है, तो रूह कांप उठती है। मेरी आंखों के सामने मेरी मां शकुंतला देवी की मौत हुई और मैं उन्हें बचा भी नहीं सकी। वह दृश्य बार-बार मेरी आंखों के सामने घूम जाता है। हम सभी लोग बागेश्वर धाम से दर्शन करके लौट रहे थे। ट्रेन में सब कुछ सामान्य था। अचानक मुरैना के पास ट्रेन रुक गई। कुछ ही देर में डिब्बे में अफवाह फैल गई कि किसी के मोबाइल में ब्लास्ट हो गया है और आग लग गई है। यह सुनते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरने लगा। मेरी मां सबसे पहले नीचे उतर गईं। मेरी बहन रिंकी अभी डिब्बे के अंदर ही फंसी थी। मेरा बेटा निहाल मां की गोद में था। हम कुछ समझ पाते, उससे पहले हालात बेकाबू हो गए। मेरी आंखों के सामने मेरी मां की मौत हो गई। यह कहना है शकुंतला की बेटी कंचन का। शकुंतला की मौत मध्य प्रदेश के मुरैना में हुए ट्रेन हादसे हुई थी। 14 जून (रविवार) को हुए हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से 3 लोग आगरा के थे। वहीं, हादसे का 39 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों के शव आगरा पहुंचे। अपनी आंखों से मां की मौत देखने वाली कंचन के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। वो मंजर उनकी आंखों के सामने घूम रहा है। घर में मातम छाया है। 3 तस्वीरें देखिए… वीडियो में दिख रहा, 39 सेकंड तक पटरी पर दौड़ी मौत वीडियो में 100 से ज्यादा लोग रेलवे ट्रैक पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई लोगों के हाथ और सिर पर सामान और पोटलियां भी नजर आ रही हैं। इसी दौरान दूसरी पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस आती दिखती है। ट्रेन का लोको पायलट लगातार लगातार हॉर्न बजाता है, लेकिन ट्रैक पर मौजूद लोग समय रहते नहीं हट पाते। इसके बाद लोको पायलट इमरजेंसी ब्रेक लगाता है। ट्रैक पर खड़े लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हैं। इतनी देर में तेज रफ्तार ट्रेन लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ जाती है। फिर ट्रेन कुछ दूरी पर जाकर रुक जाती है। अब हादसे के बाद की 3 तस्वीरें… पढ़िए शकुंतला देवी की बेटी कंचन ने जो कुछ बताया शकुंतला देवी की बेटी कंचन बताती हैं- सभी लोग बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। मुरैना के पास अचानक ट्रेन रुक गई। डिब्बे में अफवाह फैल गई कि मोबाइल ब्लास्ट होने से आग लग गई है। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई। सभी लोग डिब्बे से उतरने लगे। मम्मी पहले उतर गई थीं। मेरी बहन रिंकी डिब्बे के अंदर ही फंस गई थी। मेरा बेटा निहाल मम्मी की गोद में था। अचानक दूसरी पटरी पर ट्रेन आ गई। इससे भगदड़ मच गई। एक आंटी ने बच्चों को तो खींच लिया। लेकिन, मम्मी पटरी पर गिर पड़ीं। मैं कुछ समझ पाती, तब तक तो ट्रेन मम्मी के ऊपर से गुजर गई। मैंने शोर मचाया। बहन रिंकी को आवाज लगाई कि मम्मी चली गईं। सोमवार सुबह हुआ अंतिम संस्कार हादसे के बाद रविवार को रात में ही शवों का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया। देर रात को शव आगरा भी आ गए। सुबह गमगीन माहौल में शकुंतला देवी का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, नदीम की पत्नी अफरीन और बेटे असद को भी सुपुर्द-ए खाक-किया गया। ये था पूरा मामला रेलवे के अनुसार, कोच में अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की गई थी। इस कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई थी। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट जैसी अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे कुछ यात्री पास की अप-लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या- 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद 4 यात्री उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मरने वालों में राजस्थान के बीकानेर निवासी बिरमा देवी (60), यूपी के आगरा के रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60), सुल्तानगंज निवासी आफरीन (35) और उनके 4 साल के बेटे असद की मौत हुई। आफरीन और असद मां-बेटे थे। मोबाइल ब्लास्ट की सूचना के बाद घबराए यात्री बागेश्वर धाम से लौट रहीं यात्री पूजा के अनुसार, कोच में मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुकते ही यात्री घबराकर नीचे उतर गए और ट्रैक की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही RPF, GRP और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। ————————- ये खबर भी पढ़ें… मुरैना में ट्रेन से कटकर 4 यात्रियों की मौत, इनमें मां-बेटे भी शामिल मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में ट्रेन हादसे में मां-बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कुछ यात्री घबराकर नीचे उतर गए। इसी दौरान 4 यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों में 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
'मेरे सामने ट्रेन मां को कुचलती चली गई':मध्यप्रदेश में जान गंवाने वाली शकुंतला की बेटी का दर्द, आगरा के 3 लोगों की मौत हुई थी