मेरठ में सवा किलो चांदी लूट फर्जी निकली:कारीगर ने कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश, गिरफ्तार


मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में सवा किलो चांदी की लूट की सूचना कुछ ही घंटों में फर्जी निकली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित पीड़ित कारीगर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। आरोपी से करीब ढाई लाख रुपये की पूरी चांदी बरामद कर ली गई है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि लिसाड़ी गेट क्षेत्र के पहलादनगर निवासी कारीगर अल्ताफ से बाइक सवार बदमाशों ने सवा किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटानी शुरू की। शुरुआती पूछताछ में अल्ताफ ने बताया कि उसने इकबाल नगर निवासी नदीम से करीब आठ दिन पहले चांदी लेकर ज्वेलरी तैयार की थी। शनिवार को वह यही सामान वापस देने जा रहा था, तभी जाकिर कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने उससे लूट की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस को अल्ताफ की कहानी में कई विरोधाभास नजर आए। सख्ती से पूछताछ करने पर मामला संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश थी। अल्ताफ ने चांदी हड़पने के इरादे से झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी। आरोपी कारीगर अल्ताफ ने पुलिस को बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था, इसलिए उसने यह नाटक रचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अल्ताफ को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर पूरी चांदी बरामद कर ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *