मेरठ में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत:29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी टीमें, पहले दिन 2 लाख से ज्यादा बच्चों को पिलाई गई दवा


प्रदेश के सभी 75 जिलों की तरह मेरठ में भी रविवार को पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। अभियान का उद्घाटन नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंकरखेड़ा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने किया। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन कुमार, अभियान से जुड़े पार्टनर्स एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के 5,62,894 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन यानी बूथ दिवस पर जिले भर में 2250 टीमों ने 2,81,864 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई, जो कुल लक्ष्य का 50.1 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे। सीएमओ ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। इससे बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *