मेरठ में नाबालिग का मानसिक शोषण, आत्महत्या का प्रयास:शादी का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार


मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने रविवार को अपने मकान की छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवती ने छत से छलांग लगाई है। सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ में भर्ती कराया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि जुनैद नामक युवक लगातार युवती के संपर्क में था और उससे शादी का वादा कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवक और उसके परिवार के सदस्यों द्वारा युवती का लगातार मानसिक शोषण और उत्पीड़न किया जा रहा था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने यह कदम उठाया। पीड़िता के परिवार वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाईं। एसएसपी के निर्देश पर मेडिकल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जुनैद पुत्र आबिद, निवासी भैंसा रोड, मवाना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मेडिकल थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री के अनुसार, इस प्रकरण में सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में जुनैद के साथ और भी आरोपी शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *