![]()
सम्भल में आजाद समाज पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद अहमद पहुंचे। उन्होंने पार्टी के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान जिलाध्यक्ष शहजाद खान समेत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि सम्भल के लोगों ने उन्हें भरपूर प्यार दिया है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचारों को समझा। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग आजाद समाज पार्टी की विचारधारा को स्वीकार कर रहे हैं और आने वाले चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को जिताने की तैयारी चल रही है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान परेशान हैं और युवाओं के सामने बेरोजगारी की समस्या है। उनका आरोप था कि सरकार में लोगों को डराकर रखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता खुलकर मैदान में आ रहे हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। डॉ. मसूद अहमद ने अपनी बात रखते हुए कहा कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नारे ‘जितनी जिसकी संख्या भारी, उतनी उसकी हिस्सेदारी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी हिस्सेदारी की राजनीति की बात करती है। ब्राह्मण समाज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी ब्राह्मणों को एक नजर से नहीं देखा जा सकता और कई ब्राह्मण अच्छे भी हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मनुवादी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रयास कर रहे हैं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हिंदू-मुस्लिम संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. मसूद अहमद ने भाजपा और आरएसएस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर किसानों, मजदूरों और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों, गरीबों और छात्रों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए तथा खाद-पानी जैसी समस्याओं पर काम करना चाहिए। इस अवसर पर सोहनलाल उर्फ सोनू, हाजी साजिद अली, फिरोज खान, गोविंद सागर, नदीम कुरैशी, गुफरान चौधरी, शब्बन हुसैन, राजा अली, मौलाना हारून, जरीफ मलिक, कमाल एडवोकेट, विजय पुष्कर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद अहमद सम्भल पहुंचे:आजाद समाज पार्टी के सदस्यता अभियान में हुए शामिल