![]()
उन्नाव के मौरावां नगर पंचायत क्षेत्र में बने अटल पार्क के मंच को साजिश के तहत गिराने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत ने सरकारी संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मौरावां थाने में शिकायत दी है। नगर पंचायत के अनुसार, मंच के निर्माण में करीब 5 लाख रुपए खर्च हुए थे। मामले की जानकारी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है। नगर पंचायत ने कराया तकनीकी निरीक्षण नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक सेठ ने बताया कि अटल पार्क के बीके ग्राउंड में नगर पंचायत की ओर से मंच का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर मंच को तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत की ओर से मंच की तकनीकी जांच कराई गई। नगर पंचायत के मुताबिक, PWD की तकनीकी जांच रिपोर्ट में जेई ने मंच की आरसीसी बीम के गिरने को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निर्माण में लगी आरसीसी बीम अपने आप नहीं गिरी।
मशीन से खींचकर गिराने की बात सामने आई नगर पंचायत के अनुसार, तकनीकी जांच में सामने आया कि आरसीसी बीम को किसी मशीन से खींचकर गिराया गया था। इससे मंच को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई गई है। तकनीकी जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर पंचायत ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर विरोध करने वालों पर शक चेयरमैन कुंवर विवेक सेठ ने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ नगर पंचायत की छवि खराब करने की कोशिश भी की गई है। उनका कहना है कि कुछ लोग लगातार सोशल मीडिया पर नगर पंचायत के खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर उन्हें शक है। हालांकि, चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि अभी किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया जा सकता। मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और दोषी की पहचान हो सकेगी। पुलिस ने शुरू की जांच नगर पंचायत की शिकायत मिलने के बाद मौरावां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी जांच रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
Source link
अटल पार्क का मंच गिराने का आरोप:5 लाख की लागत से बना था, नगर पंचायत ने शिकायत दर्ज कराई