मेटा अलर्ट से 7 मिनट में बची युवक की जान:प्यार में धोखा-मुकदमे से परेशान होकर पी रहा था कीटनाशक, 10 दिन पहले जेल से छूटकर आया


मेटा की ओर से मिले आत्महत्या संबंधी अलर्ट के बाद शाहजहांपुर पुलिस ने महज 7 मिनट के भीतर कार्रवाई करते हुए एक युवक की जान बचा ली। युवक ने इंस्टाग्राम पर कीटनाशक पीने का वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद मेटा ने लखनऊ पुलिस मुख्यालय को अलर्ट भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर खेत से बेसुध हालत में बरामद किया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यह घटना बंडा थाना क्षेत्र के चांदूपुर पडरी गांव की है। पुलिस के अनुसार, अनूप नामक युवक ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे खेत में कीटनाशक दवा पी ली। उसने इस दौरान एक वीडियो बनाकर उसमें प्यार में धोखा मिलने से संबंधित गाना एडिट किया और अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया।
वीडियो अपलोड होते ही मेटा ने आत्महत्या की आशंका का अलर्ट लखनऊ पुलिस मुख्यालय को भेजा। मुख्यालय से शाहजहांपुर पुलिस को युवक का मोबाइल नंबर और लोकेशन उपलब्ध कराई गई। सूचना मिलते ही बंडा थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आठ किलोमीटर दूर खेत में अनूप को खाली कीटनाशक की बोतल के पास बेसुध अवस्था में पाया। पुलिस ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। गुरुवार शाम तबीयत में सुधार होने पर पुलिस ने युवक से पूछताछ की। उसने बताया कि प्रेम संबंध में धोखा मिलने और उसके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग भी कराई, जिसके बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार, अनूप दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका था और करीब दस दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। बंडा थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि समय पर मिले मेटा के अलर्ट और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बचाई जा सकी। युवक की हालत अब स्थिर है और उसके परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *