![]()
फर्रुखाबाद में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ठठा की मढ़ैया गांव से 14 वर्षीय छात्र गुरुवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। दोपहर बाद गांव के पास गंगा कटान वाले मार्ग पर उसके कपड़े और चप्पल मिल। सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और ग्रामीणों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह घर से निकला, दोपहर में मिले कपड़े ठठा की मढ़ैया निवासी रामऔतार का पुत्र मोहित (14) गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकला था। दोपहर बाद गांव की ओर जाने वाले उस डामर मार्ग पर उसके कपड़े और चप्पल पड़े मिले, जिसे पिछले वर्ष गंगा की कटान ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। एक राहगीर की नजर कपड़ों पर पड़ी तो उसने परिजनों को सूचना दी। पुलिस और प्रशासन ने शुरू की तलाश सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। डायल-112 टीम, मऊदरवाजा थाना पुलिस, क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। इसके बाद छात्र की तलाश शुरू की गई। देर शाम नायब तहसीलदार भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। देर रात तक नहीं मिला कोई सुराग तलाश अभियान में फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा समेत कई ग्रामीण भी शामिल रहे। रात करीब आठ बजे तक छात्र का कोई पता नहीं चल सका था। मोहित गांव के विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र बताया गया है। गंगा का बढ़ा जलस्तर बढ़ा रहा चिंता क्षेत्र में इन दिनों गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कटरी इलाके में लगातार कटान जारी है। ऐसे में परिजन और ग्रामीण छात्र की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच व तलाश अभियान जारी रखा है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि छात्र की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द से जल्द छात्र का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
छात्र घर से लापता, कपड़े-चप्पल गंगा किनारे मिले:पुलिस ने देर रात तक चलाया सर्चिंग ऑपरेशन, नहीं लगा बच्चे का सुराग