लोकनगर में 'लोकनगर के राजा' गणपति की स्थापना:गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा, 7 दिन चलेगा महोत्सव, 21 को विसर्जन


उन्नाव के लोकनगर क्षेत्र में गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को ‘लोकनगर के राजा’ गणपति की स्थापना की गई। ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ समिति ने गाजे-बाजे और जयकारों के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। गणेश प्रतिमा को गाजे-बाजे के साथ स्थापना स्थल तक ले जाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक धुनों के बीच श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने प्रतिमा पर फूल बरसाकर बप्पा का स्वागत किया। शोभायात्रा में महिलाएं, बच्चे और युवा भी उत्साह के साथ शामिल हुए। प्रतिमा के स्थापना स्थल पहुंचने के बाद पूजा-अर्चना कर गणपति की स्थापना की गई।
समिति के जिलाध्यक्ष राकेश राजपूत ने बताया कि सात दिन का गणेश महोत्सव चलेगा। इस दौरान कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 सितंबर को जागरण और प्रसाद बांटा जाएगा। इसके बाद 21 सितंबर को भंडारे का आयोजन होगा। इसी दिन दोपहर एक बजे गणपति की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यह आयोजन चौधरी खजान सिंह कॉलेज, लोकनगर, उन्नाव में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समिति के संस्थापक विमल द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष अनिता द्विवेदी, जिला प्रभारी अजय त्रिवेदी, वीरांगना अध्यक्ष ज्योति राजपूत, जिला अध्यक्ष राकेश राजपूत, पूर्व सैनिक ए.के. दीक्षित, आर.के. मिश्रा, निशांत शुक्ला, कमलेश बाजपेई, योगेंद्र तिवारी, विष्णु गुप्ता, केतन अवस्थी, मनीष मिश्रा, मुकेश दीक्षित, शिव सेवक त्रिपाठी और अंकुर त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में भक्त और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोकनगर के अलावा जिले के अलग-अलग कस्बों और मोहल्लों में भी गणेश चतुर्थी पर गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। कई जगहों पर पंडाल सजाकर धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। सुबह से देर शाम तक गणपति स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा। जगह-जगह ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। आने वाले दिनों में इन पंडालों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, जागरण और भंडारे समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *