![]()
तीन दिन से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने मेरठ में जनजीवन प्रभावित कर दिया है, लेकिन शास्त्री नगर सेक्टर-2 की महिलाओं का हौसला नहीं डिगा। अपने आशियाने बचाने की मांग को लेकर तिरंगा रोड पर चल रहा मातृशक्ति का धरना गुरुवार को भी बारिश के बीच जारी रहा। भीगते हुए महिलाओं ने हनुमान चालीसा और राम नाम का पाठ किया तथा अपने घरों की सुरक्षा के लिए भगवान से प्रार्थना की। महिलाओं का धरना अब ढाई महीने से अधिक समय से लगातार चल रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण धरनास्थल पर लगा कपड़े का अस्थायी पंडाल भी पानी रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। इसके बावजूद महिलाएं पूरे दिन वहीं डटी रहीं और अपना विरोध जारी रखा। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि मौसम की मार उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती। उनका कहना है कि चाहे बारिश हो, आंधी आए या कोई अन्य कठिनाई, जब तक उनके मकानों पर मंडरा रहे संकट का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बारिश के बीच महिलाओं का धरना स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा। महिलाओं ने एक बार फिर प्रशासन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की। उनका कहना है कि अपने घरों को बचाने की लड़ाई वे हर परिस्थिति में जारी रखेंगी। मामले में 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। सुनवाई की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रभावित लोगों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
Source link
मूसलाधार बारिश में भी नहीं टूटा महिलाओं का हौसला:मेरठ में घर- व्यवापार बचाने के लिए रैनकोट और छाते लेकर दिया धरना