जहर की शीशी लेकर अस्पताल पहुंची छात्रा:इटावा में पढ़ाई के दबाव में जहर पीया, इमरजेंसी में किया गया इलाज


इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा ने गुरुवार दोपहर 1 बजे पढ़ाई के दबाव में जहरीला पदार्थ पीकर जान देने की कोशिश की। जहर खाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो वह घबराने के बजाय अपनी सहेली के साथ हाथ में शीशी लेकर सीधे डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी पहुंची। इसके बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है। छात्रा के अचानक इमरजेंसी पहुंचने से अस्पताल में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए प्राथमिक उपचार शुरू किया और आवश्यक जांच के बाद उसे भर्ती कर निगरानी में रखा। समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार छात्रा पिछले कई दिनों से पढ़ाई के दबाव को लेकर मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव के चलते उसने घर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को बताए बिना अपनी सहेली के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से मदद मांगी। छात्रा की सहेली ने बताया कि उसकी सहेली पढ़ाई को लेकर काफी परेशान रहती थी। वह लगातार तनाव में थी और इसी कारण उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने बताया कि विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद एक स्कूली छात्रा अस्पताल लाई गई थी। उसे तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर है। इसकी सूचना संबंधित थाना को दे दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *