मुल्जिम के फरार होने में दो सिपाहियों पर मुकदमा:प्रयागराज के SRN अस्पताल से एक दिन पहले चकमा देकर भाग निकला था पाॅक्सो का आरोपी


प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल से एक दिन पहले पॉक्सो के आरोपी के फरार होने के मामले में उसकी सुरक्षा में लगे दो सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही फरार आरोपी को भी नामजद किया गया है। यह मुकदमा प्रतापगढ़ के मानिकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर प्रयागराज की नगर कोतवाली में दर्ज किया गया है। उधर, पुलिस दूसरे दिन भी आरोपी की तलाश में दबिश देती रही। हिरासत से फरारी पर दर्ज हुआ मुकदमा मानिकपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें पॉक्सो एक्ट के आरोपी जलालुद्दीन निवासी मानिकपुर और उसकी सुरक्षा में लगे दो सिपाही मगन शर्मा व अनुज कुमार को नामजद किया गया है। आरोप है कि जिला कारागार प्रतापगढ़ से आरोपी को हिरासत में लेकर आए दोनों सिपाहियों ने एसआरएन अस्पताल में उसकी निगरानी में लापरवाही की, जिसका फायदा उठाकर वह फरार हो गया। पहले ही हो चुकी थी सस्पेंशन की कार्रवाई मामले में लापरवाही सामने आने के बाद एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया था। अब मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी के भागने की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे नीली शर्ट पहने आरोपी ट्रॉमा सेंटर से तेजी से निकलकर मुख्य गेट की ओर भागता दिखाई देता है। फुटेज में यह भी दिखा कि वह अस्पताल से बाहर सड़क की ओर निकल गया, लेकिन इसके बाद वह किस दिशा में गया, इसका कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया है। तीन टीमें तलाश में जुटीं फरारी के बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। फिलहाल प्रयागराज और प्रतापगढ़ पुलिस की संयुक्त टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाज और डीएनए टेस्ट के लिए लाया गया था आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जिला जेल से मेडिकल जांच और डीएनए टेस्ट के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल लाया गया था। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराने के दौरान ही उसने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दे दिया। पुलिस का कहना है कोतवाली प्रभारी नितेंद्र शुक्ला के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। दोनों सिपाहियों को नोटिस तामील करा दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *