चंदौली में बच्चों के विवाद में चली गोली,अधेड़ की मौत:लाइसेंसी बंदूक से की थी फायरिंग, गांव में सुरक्षा बढ़ाई गई


चंदौली में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें गोलीबारी में घायल श्यामलाल (58) की बुधवार देर शाम मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मामला कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव का है। जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल की सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट के दौरान लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे श्यामलाल समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में श्यामलाल, रामदुलार, लखैबर, पंकज, मनोज, मदन और अमित कुमार शामिल थे। पुलिस ने सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि बुधवार को श्यामलाल की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया, जहां देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। मृतक के पुत्र मदन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही कार्रवाई करते हुए 20 अप्रैल को पूर्व प्रधान समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *