![]()
सहारनपुर में आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास कांवड़ मेले को लेकर सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन (रजि.) ने बुधवार दोपहर डीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कांवड़ मेले के दौरान धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए अश्लील भजनों पर प्रतिबंध लगाने और झांकियों को मर्यादित ढंग से प्रस्तुत किए जाने की मांग की। ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई स्थानों पर डीजे पर अश्लील और आपत्तिजनक भजन बजाए जाते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। संगठन ने प्रशासन से ऐसे गीतों पर प्रभावी रोक लगाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। देवी-देवताओं के स्वरूप के सम्मान की उठाई मांग एसोसिएशन ने बाहर से आने वाली झांकियों में देवी-देवताओं का स्वरूप धारण करने वाले कलाकारों को सड़क पर पैदल चलाने या जमीन पर नृत्य कराने पर भी आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि इस प्रकार के प्रदर्शन से धार्मिक मर्यादा प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में संबंधित झांकी को तत्काल बंद कराकर कानूनी कार्रवाई की जाए। ‘झांकियां श्रद्धा का प्रतीक, मनोरंजन का माध्यम नहीं’ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि कांवड़ मेले की झांकियां श्रद्धा और आस्था का प्रतीक होती हैं। उनका उद्देश्य धार्मिक संदेश देना है, न कि मनोरंजन करना। उन्होंने सभी कलाकारों और आयोजकों से मर्यादा का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि देवी-देवताओं के स्वरूप को ट्रॉली से उतारकर सड़क पर नृत्य कराना उचित नहीं है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। ट्रॉलियों पर ही प्रस्तुत हों झांकियां वरिष्ठ उपाध्यक्ष जनेश्वर शर्मा ने कहा कि झांकियां ट्रॉलियों पर ही मर्यादित ढंग से प्रस्तुत की जानी चाहिए। उन्होंने जागरण और भजन संध्या आयोजित करने वाले कलाकारों से भी अश्लील या आपत्तिजनक गीतों से बचने की अपील की। उनके अनुसार, धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी कलाकारों और आयोजकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों के पालन में प्रशासन को सहयोग का भरोसा एसोसिएशन ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वर्ष 2026 के कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में वह पूरा सहयोग करेगा। संगठन की टीम विभिन्न धार्मिक आयोजनों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेगी कि निर्धारित मर्यादाओं का पालन हो रहा है। यदि कोई कलाकार या आयोजक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो संगठन अपने स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई करेगा।
Source link
कांवड़ मेले में अश्लील भजनों पर रोक लगाने की मांग:सहारनपुर कलाकार एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन