![]()
मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरवाला गांव में बुधवार देर शाम 7:30 बजे स्कूल बस की टक्कर से किसान अर्जुन की मौत हो गई। वह खेत से काम करके घर लौट रहे थे। हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ते पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से वार्ता कर उचित कार्रवाई तथा प्रशासनिक सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात के वक्त जाम समाप्त कराया गया। जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र बालियान ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि अर्जुन अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और उनकी पत्नी दिव्यांग है। परिवार पूरी तरह अर्जुन की मजदूरी और खेती से होने वाली आय पर निर्भर था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और संबंधित बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Source link
मुजफ्फरनगर में स्कूल बस ने किसान को रौंदा:परिजनों और ग्रामीणों ने लगाया जाम, हादसे में घायल एक व्यक्ति मेरठ रेफर