![]()
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में मंडी चौराहा के पास मंगलवार को मिले अज्ञात शव की पहचान बुधवार शाम 6 बजे हो गई। मृतक की पहचान हंसराज कॉलोनी निवासी गोपाल कश्यप पुत्र सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि मौत के कारणों की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मंडी चौराहा के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को मृतक के परिजन शव की पहचान करने पुलिस के पास पहुंचे। मृतक के चाचा लालू ने बताया कि गोपाल पिछले दो दिनों से घर से लापता था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई मृतक की फोटो और वीडियो देखकर परिजनों को आशंका हुई कि यह शव गोपाल का हो सकता है। इसके बाद उन्होंने पोस्टमार्टम पर पहुंचकर शव की पहचान गोपाल कश्यप के रूप में की। परिजनों ने बताया कि गोपाल ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करता था। उसकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। गोपाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना हाईवे पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मथुरा में अज्ञात शव की हुई पहचान:ट्रैक्टर चालक गोपाल कश्यप की मौत से परिवार में कोहराम