![]()
मथुरा में योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली पर शनिवार को गौ संरक्षण को लेकर बड़ा जनजागरण अभियान चलाया गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में आयोजित ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत श्रद्धालुओं ने गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर किए। अभियान में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं, गौ भक्तों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जन्मस्थान परिसर में दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गौ संरक्षण के समर्थन में अपने हस्ताक्षर दर्ज कराए। गौ सेवा को बताया भारतीय संस्कृति की आधारशिला कार्यक्रम में वक्ताओं ने गौ माता को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। कृष्ण जन्मस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। सरकार से की राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग अभियान में शामिल समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए देशव्यापी जनजागरण की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में गौ माता का विशेष स्थान है और इसके संरक्षण के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाना समय की जरूरत है। सरकार तक पहुंचाए जाएंगे हस्ताक्षर अभियान के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर किए और गौ संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों को संबंधित अधिकारियों और सरकार तक भेजा जाएगा, ताकि गौ संरक्षण और गौ सम्मान से जुड़ी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Source link
मथुरा में गौ सम्मान हस्ताक्षर अभियान चलाया:गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठी