संभल में हजरत शाह अली मुत्तकी का उर्स शुरू:अकीदतमंदों ने फातिहा पढ़ी, अमन-चैन की दुआएं मांगीं


संभल में अली सराय स्थित दरगाह शरीफ हजरत शाह अली मुत्तकी इसराईली चिश्ती कादरी (रह.) का चार दिवसीय सालाना उर्स मुबारक शनिवार को पारंपरिक धार्मिक रस्मों के साथ शुरू हो गया। उर्स के पहले दिन बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने दरगाह पर पहुंचकर हाजिरी दी, फातिहा पढ़ी और देश में अमन-चैन, तरक्की तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआएं कीं। उर्स का शुभारंभ कुरानख्वानी और नज़र-ए-मौला-ए-कायनात से हुआ। सुबह से ही दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जायरीनों ने दरगाह पर चादरपोशी कर अपनी अकीदत पेश की और मन्नतें मांगीं। उर्स की पहली रात आयोजित महफिल-ए-कव्वाली में कव्वाल शाहरुख-अरबाज संभली ने सूफियाना कलाम पेश किए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में अकीदतमंदों ने सूफी संगीत का आनंद लेते हुए बुजुर्ग को खिराज-ए-अकीदत पेश की। उर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 14 जून को मशहूर कव्वाल आसिफ सुल्तानी (बदायूं) और 15 जून को शाहवेज-शाहफैज कव्वाल (लखनऊ) अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 16 जून को नमाज-ए-मगरिब के बाद मजलिस-ए-शोहदा-ए-कर्बला का आयोजन होगा, जिसके बाद कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। इस अवसर पर देश, समाज और इंसानियत की खुशहाली, अमन और भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ की जाएगी। उर्स के सफल आयोजन में नाजिम-ए-दरगाह मनाजिर हुसैन इसराईली वारसी, उर्स आयोजक एवं सदर उमर तुर्की समेत बड़ी संख्या में कमेटी सदस्य और स्थानीय लोग सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। उर्स के पहले दिन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक माहौल में संपन्न हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *