मछुआरे का पैर जबड़ों में जकड़कर मगरमच्छ ने खिंचा:सोनभद्र में ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर छुड़ाया, सोन नदी में मछली पकड़ रहा था


सोनभद्र के सोन नदी में शनिवार की सुबह मछली पकड़ रहे मछुआरे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने मछुआरे का पैर को जबड़ों में जकड़कर पानी में खींचने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से उनकी जान बच गई। गंभीर रूप से घायल मछुआरे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया है। यह पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र का है। दरअसल, करगरा निवासी 65 वर्षीय लल्लू केवट पुत्र स्वर्गीय रामप्यारे शनिवार की सुबह करीब 6 बजे सोन नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनका पैर अपने जबड़ों में दबोच लिया। लल्लू केवट के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मगरमच्छ पर हमला किया, जिसके बाद उसने मछुआरे को छोड़ दिया और नदी में वापस चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल को नदी से बाहर निकालकर गांव के प्रधान फूल कुमार को सूचना दी। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से लल्लू केवट को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन ले जाया गया। सीएचसी में तैनात डॉ. अर्जुन कुमार ने बताया कि मगरमच्छ के हमले से उनके शरीर पर कई गहरे जख्म आए हैं। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद करगरा समेत सोन नदी के किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छों की बढ़ती मौजूदगी लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। उन्होंने वन विभाग से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी गंभीर हो सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *