![]()
मऊ में तैनात एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर का एक व्यक्ति से लिफाफा लेते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद इंस्पेक्टर पर रिश्वत लेने के आरोप लग रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। लिफाफा लेते और जेब में रखते दिखे इंस्पेक्टर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ट्रैफिक इंस्पेक्टर के पास पहुंचकर उन्हें एक लिफाफा देता दिखाई देता है। वीडियो में इंस्पेक्टर पहले लिफाफे को देखते हैं और फिर उसे अपनी जेब में रख लेते हैं। हालांकि, वीडियो में लिफाफे के अंदर क्या है, यह स्पष्ट नहीं दिख रहा है। ऑटो ड्राइवर ने लगाया 5000 रुपए लेकर वाहन छोड़ने का आरोप इस बीच एक ऑटो चालक ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दावा किया है कि उसके ऑटो को कागजात फेल होने का हवाला देकर सीज कर दिया गया था। चालक का आरोप है कि 5000 हजार रुपए देने के बाद ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने वाहन के कागजात सही बताते हुए उसे छोड़ दिया। फिलहाल, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी बोले- प्रथम दृष्टया आचरण संदिग्ध, जांच शुरू अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (टीएसआई) केदारनाथ भारती किसी व्यक्ति से कुछ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो में स्पष्ट रूप से रुपये दिखाई नहीं दे रहे हैं, लेकिन प्रथम दृष्टया उनका आचरण संदिग्ध प्रतीत होता है। सीओ नगर को सौंपी गई जांच अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है, जिनके पास सीओ ट्रैफिक का भी अतिरिक्त प्रभार है। जांच रिपोर्ट और संस्तुति के आधार पर संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
मऊ में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लिफाफा लेते दिखे, VIDEO:ऑटो ड्राइवर ने 5 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया, ASP ने जांच के आदेश दिए