![]()
बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र के बायपास स्थित चौराहे पर मंगलवार शाम करीब 8 बजे के आसपास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा पुल की तरफ जाने वाले मार्ग पर अचानक सड़क करीब 4 फीट नीचे धंस गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहा खाद से लदा एक 6-टायरा ट्रक धंसी सड़क के गड्ढे में जा फंसा। सड़क धंसने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। 1.5 लाख का नुकसान, ट्रक का एक्सेल टूटा प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव भईपुर निवासी विनोद कुमार (जो ट्रक के मालिक और ड्राइवर दोनों हैं) अपने 6-टायरा ट्रक में 300 कट्टे देसी खाद लादकर संभल जा रहे थे। भईपुर से रवाना होकर जैसे ही वह अनूपशहर के बुलंदशहर बायपास पर गंगा पुल की ओर मुड़े, तभी अचानक सड़क बैठ गई। जोरदार धमाके के साथ ट्रक का एक हिस्सा गड्ढे में चला गया और गाड़ी एक तरफ झुक गई। हादसे में ट्रक का एक्सेल पूरी तरह टूट गया है, जिससे लगभग 1 से 1.5 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। 20 मीटर पीछे तक चटकी सड़क हादसे के समय गड्ढा करीब 6 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहां सड़क धंसी है, उससे करीब 20 मीटर पीछे तक डामर चटक चुका है और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद सीसी टीम अनूपशहर प्रभारी जब्बार खान ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीडब्ल्यूडी बोला- सीवर लाइन बैठने से हुआ हादसा मामले पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता सतेंद्र कुमार ने बताया कि पास से गुजर रही सीवर लाइन के अचानक बैठ जाने के कारण सड़क धंसी है। ट्रक को गड्ढे से बाहर निकालने के तुरंत बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क करीब 6 साल पहले बनी थी और 2 साल पहले इसका नवीनीकरण कर ढाई सेंटीमीटर की परत बिछाई गई थी। पुलिस प्रशासन फिलहाल यातायात को सुरक्षित डायवर्ट कर जांच में जुटा है।
Source link
अनूपशहर में 4 फीट धंसी सड़क:जोरदार धमाके के साथ 6 फीट चौड़े गड्ढे में फंसा ट्रक