सुल्तानपुर में भारी बारिश; पेड़ गिरा, दीवार ढही:5 मवेशी दबे, भाजपा नेता घायल; धनपतगंज में 50 गांवों में 15 घंटे बिजली गुल


सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह से रात 8 बजे तक हुई तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हाइवे से लेकर गांवों तक की सड़कों पर पानी भर गया। भदैया के शंभूगंज-हनुमानगंज मार्ग पर मुरारपुर में एक पेड़ की डाल गिर गई। इससे बाइक सवार भाजपा मंडल महामंत्री दिलीप सिंह घायल हो गए। हालांकि, उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए। इसी ब्लॉक के बजेठी गांव में जगन्नाथ शर्मा के मकान का छप्पर और दीवार ढह गई। इस घटना में भी लोग सुरक्षित रहे। अखंडनगर के भेलारा में किसान राम दयाल का पशु बाड़ा भी ढह गया, जिसमें 5 मवेशी दब गए। दुबेपुर ब्लॉक के कटावा में दुल्लापुर-बभनगवा स्कूल मार्ग पर काफी पानी भर गया। भदैया ब्लॉक की भीखमपुर ग्राम पंचायत और शिवगढ़ के सूर्यभान पट्टी जैसे कई इलाकों में भी पानी जमा होने से लोगों को चलने में परेशानी हुई। बारिश की वजह से बिजली सप्लाई पर भी असर पड़ा। धनपतगंज फीडर से जुड़े 50 गांवों में 15 घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे अंधेरा छा गया। लोलेपुर में भी 6 घंटे बिजली बंद रही और 30 गांवों में अंधेरा रहा। शहर के कई इलाकों में भी काफी पानी जमा हो गया। पिछले 24 घंटे के मौसम आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। इस दौरान 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान हवा का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और हवा की रफ्तार 14-22 किमी प्रति घंटा रह सकती है। इसमें 43 किमी प्रति घंटे तक के तेज झोंके भी शामिल होंगे। सुबह में 3.1 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *