बहराइच में धर्मकांटा कर्मचारी पर बदमाशों का हमला:गल्ले की चाबी मांगने पर मारपीट, पुलिस जांच में जुटी


बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र स्थित अजीजपुर में बालाजी धर्मकांटा पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोल दिया। कर्मचारी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घायल कर्मचारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर फखरपुर पुलिस और स्वाट टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। गोंडा जनपद निवासी प्रिंस मिश्रा बालाजी धर्मकांटा पर कर्मचारी हैं और वहीं बने एक कमरे में रहते हैं। देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ लोग धर्मकांटा पर पहुंचे। प्रिंस ने सोचा कि कोई गाड़ी तोल कराने आया है और दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान बदमाशों ने धर्मकांटा की लाइट काट दी और कमरे में घुसकर गल्ले की चाबी मांगने लगे। प्रिंस द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ घायल हो गया। प्रिंस ने बताया कि बदमाशों ने उस पर फायरिंग की, जिससे उसके हाथ में गोली लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रहे रमन पाठक बाहर निकले तो बदमाशों ने उन पर भी डंडे से हमला कर दिया। दोनों के शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि धर्मकांटा कर्मचारी पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने की सूचना मिली थी। हालांकि, उन्होंने फायरिंग और गोली लगने की बात को गलत बताया। क्षेत्राधिकारी के अनुसार, पीड़ित का शुक्रवार को कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *