अनंत नगर योजना के 73 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन:1,414 आवेदकों के बीच हुआ ड्रॉ, पांचवें चरण में अब तक 520 भूखंड आवंटित


लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की अनंत नगर आवासीय योजना में मंगलवार को 73 भूखंडों का लॉटरी के जरिए आवंटन किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में आयोजित लॉटरी में 1,414 आवेदकों के बीच पर्चियां निकाली गईं। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों से ही पर्चियां निकलवाई गईं। जैसे ही किसी आवेदक के नाम की पर्ची निकली, उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। इसके साथ ही अनंत नगर योजना के पांचवें चरण में 520 भूखंडों का आवंटन पूरा हो गया है। एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही चयनित आवंटियों को आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे। 785 एकड़ में विकसित हो रही अनंत नगर योजना एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर आवासीय योजना करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित की जा रही है। योजना में चौड़ी सड़कों के साथ बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं। इसके अलावा योजना के बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित करने की तैयारी है। करीब 130 एकड़ जमीन पर पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित किए जाएंगे। चार चरणों में 1,700 से ज्यादा भूखंड पहले ही आवंटित अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के अनुसार, अनंत नगर योजना के पहले चार चरणों में करीब 1,700 भूखंडों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जा चुका है। इन चरणों में 35 हजार से अधिक आवेदकों ने हिस्सा लिया था। पांचवें चरण में आशीष खंड के 520 भूखंडों के लिए 9 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया था। इसके लिए कुल 8,727 आवेदन प्राप्त हुए थे। दो दिन में 520 भूखंडों का ड्रॉ पांचवें चरण के दो दिवसीय लॉटरी कार्यक्रम के पहले दिन सोमवार को 112.5 वर्गमीटर के 447 भूखंडों का ड्रॉ किया गया। इन भूखंडों के लिए 7,314 आवेदक मैदान में थे। वहीं, मंगलवार को 200 वर्गमीटर के 35 और 162 वर्गमीटर के 38 भूखंडों, यानी कुल 73 भूखंडों का आवंटन लॉटरी से किया गया। इसके साथ ही पांचवें चरण के सभी 520 भूखंडों का ड्रॉ पूरा हो गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *