बर्थडे पार्टी के दौरान दामाद ने ससुराल में की फायरिंग:सास समेत 3 महिला गंभीर, मेरठ रेफर; लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं


मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पॉश पंचशील कॉलोनी सोमवार रात करीब 8:30 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान एक दामाद ने अपनी ही ससुराल में लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में क्षमा मित्तल (50), सविता मित्तल (50) और अपूर्वा मित्तल (35) शामिल हैं। तीनों को गोली लगने के बाद लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही महवीर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी अनंत मित्तल को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी कब्जे में ले ली है। 14 साल पहले लव मैरिज की थी पुलिस के अनुसार, आरोपी अनंत मित्तल नई मंडी थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में देहरादून में रह रहा था। करीब 14 वर्ष पहले उसकी शादी पंचशील कॉलोनी निवासी राधिका मित्तल से हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी, लेकिन लंबे समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। करीब ढाई साल पहले दोनों अलग हो गए थे। राधिका अपने मायके में रह रही थी, जबकि अनंत अपने 13 वर्षीय बेटे यशराज के साथ देहरादून में रह रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार को अनंत अपने बेटे यशराज का जन्मदिन मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था। घर में बर्थडे सेलिब्रेशन चल रहा था। इसी दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनंत मित्तल ने अपना आपा खो दिया और लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागे फायरिंग में सास क्षमा मित्तल, चचिया सास सविता मित्तल और सरहज अपूर्वा मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिवार के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच के लिए विशेष टीम गठित घटना की सूचना पर संजय कुमार वर्मा, अमृत जैन और सिद्धार्थ के मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार और चश्मदीदों से जानकारी ली। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया- पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *