![]()
बदायूं में शनिवार दोपहर एक बजे घनी आबादी वाले इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा टल गया। भरत मिलाप गली स्थित टेंट व्यवसायी व व्यापारी नेता प्रदीप भारद्वाज के मकान पर बिजली गिरने से छत का लिंटर चटक गया और घर के कई बिजली उपकरण खराब हो गए। दोपहर करीब एक बजे आसमान में घने बादल छाए हुए थे और बारिश की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ प्रदीप भारद्वाज के मकान पर आकाशीय बिजली गिरी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि ऐसा लगा मानो छत पर कोई भारी चट्टान आ गिरी हो।
धमाके के साथ ही घर की बिजली गुल हो गई और इनवर्टर भी बंद हो गया। कुछ ही सेकंड बाद एक और तेज धमाका सुनाई दिया। जब परिवार के लोग छत पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पूरी छत के लिंटर में लंबी दरार पड़ गई थी और घर के कई विद्युत उपकरण खराब हो चुके थे।
इसी दौरान लोगों की नजर घर से करीब 100 मीटर दूर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर पर पड़ी, जिससे धुआं उठ रहा था। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तब यह स्पष्ट हुआ कि आकाशीय बिजली की चपेट में मकान के साथ-साथ ट्रांसफार्मर भी आ गया है, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलते ही पावर कॉरपोरेशन की टीम मौके पर पहुंची और ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम शुरू कराया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति बिजली की चपेट में नहीं आया। हालांकि, शहर की घनी आबादी में इस तरह आकाशीय बिजली गिरने की घटना ने लोगों को सहमा दिया है और वे खराब मौसम के बीच अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं।
Source link
बदायूं में घर पर गिरी आकाशीय बिजली:लिंटर चटका, 100 मीटर दूर ट्रांसफार्मर फुंका; बिजली गुल