![]()
पीलीभीत के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शनिवार दोपहर 12 बजे सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में प्राचार्य ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
जागरूकता रैली में वर्ष 2025 बैच के छात्र-छात्राओं ने पूर्ण अनुशासन और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियां और बैनर लेकर महाविद्यालय परिसर में रैली निकाली और नशा मुक्ति के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम प्रभारी और सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत आगामी दिनों में भी कई जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य समाज और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस आयोजन का समन्वय डॉ. पूजा सिंधवानी, डॉ. वर्तिका अग्रवाल, डॉ. कौस्तव हलदार और डॉ. संगीता वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. फरीद, डॉ. मनीषा और डॉ. नानक सहित महाविद्यालय के कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग देने की बात कही।
Source link
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में 'नशा मुक्त भारत पखवाड़ा' शुरू:प्राचार्य ने दिलाई शपथ, छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली