बदायूं में अंशुमन श्रीवास्तव बने CO बिसौली:सीओ सिटी को क्राइम का अतिरिक्त प्रभार, संजीव कुमार की SSP ऑफिस में फिर तैनाती


बदायूं में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने शुक्रवार देर रात पुलिस क्षेत्राधिकारियों (सीओ) की नई पोस्टिंग सूची जारी की। इस सूची के तहत गैर जिले से स्थानांतरित होकर आए अंशुमन श्रीवास्तव को बिसौली का नया सीओ बनाया गया है, जबकि सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय को क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सूची के अनुसार, बिसौली के पूर्व सीओ संजीव कुमार को एक बार फिर सीओ एसएसपी ऑफिस की जिम्मेदारी दी गई है। अंशुमन श्रीवास्तव अब बिसौली सर्किल के कार्यों का संचालन करेंगे। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय को उनके मौजूदा प्रभार के साथ-साथ सीओ क्राइम का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। अन्य तबादलों में, उझानी सर्किल की जिम्मेदारी सुनील कुमार सिंह पर पूर्ववत बनी हुई है। सुरेंद्र यादव को सीओ महिला अपराध नियुक्त किया गया है, जबकि सुनील अहलावत को सीओ ट्रैफिक का प्रभार दिया गया है। संजीव कुमार का जिले में यह तीसरा कार्यकाल है, वे पूर्व में दो बार बिल्सी और दो बार बिसौली के सीओ रह चुके हैं। उनके सीओ सिटी रहते हुए एक ई-रिक्शा चालक गुलफाम ने एसएसपी ऑफिस में आत्मदाह किया था, जिसके बाद उनसे यह प्रभार वापस ले लिया गया था। बिल्सी के सीओ रहते हुए भी इस्लामनगर में प्रभात फेरी विवाद में उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। हाल ही में बिसौली से उनके हटाए जाने को फैजगंज बेहटा में गोमांस का वजन करते हुए तस्कर का वीडियो वायरल होने की घटना को दबाने से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *