भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पांडेय ने दिया इस्तीफा:भाजपा की राजनीति में सक्रिय थीं, कहा- ब्राह्मण होने के कारण नहीं मिली जगह


कुशीनगर में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पांडेय ने अपने पद से आज शनिवार को इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 19 सितंबर को भाजपा जिलाध्यक्ष को अपना त्यागपत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने बताया कि वह करीब 10 साल से संगठन में सक्रिय थीं और 2018 से महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के तौर पर काम कर रही थीं। इस्तीफे में चंद्रप्रभा पांडेय ने लिखा है कि उन्हें संगठन में जिम्मेदारी और सम्मान नहीं मिला। उन्होंने जातिगत भावना से जुड़ी बात का भी जिक्र किया है। चंद्रप्रभा पांडेय ने पत्र में बताया कि उन्होंने पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए अपने घर, व्यवसाय और निजी जिम्मेदारियों की परवाह किए बिना लगातार काम किया। उन्हें हमेशा उम्मीद थी कि उनकी मेहनत और लगन को संगठन में सही सम्मान और जिम्मेदारी मिलेगी। पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई उन्होंने इस्तीफे में एक जातिगत टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “महिला मोर्चा में लगातार जिम्मेदारी निभाने के बाद भी मुख्य संगठन में मेरी अनदेखी की गई, जिससे मुझे बहुत दुख हुआ। मुझे यह कहकर भी समझाया गया कि आप ब्राह्मण हैं, इसलिए आपको जगह नहीं मिल पाई।” चंद्रप्रभा पांडेय ने कहा कि यह बात उनके लिए बहुत दुखद थी। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने कभी जाति या निजी फायदे के लिए संगठन में काम नहीं किया। उन्होंने हमेशा पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के मकसद से पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई। त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया गया उन्होंने पत्र में यह भी साफ किया कि मौजूदा हालात में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के पद पर बने रहना उनके लिए मुमकिन नहीं है। उन्होंने जिलाध्यक्ष से अपना त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। चंद्रप्रभा पांडेय ने कहा कि पद छोड़ने के बाद भी पार्टी और उसकी विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा बनी रहेगी। वह पार्टी के हित में आगे भी अपना योगदान देती रहेंगी। भाजपा में चंद्रप्रभा पांडेय की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के रूप में सक्रियता पहले कई कार्यक्रमों में दर्ज की जा चुकी है। सांगठनिक विस्तार और आसन्न 2027 विधानसभा चुनाव के पूर्व यह त्यागपत्र क्या कुछ गुल खिलाएगा, देखने वाली बात होगी। त्याग पत्र मामले में जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि उनका त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया गया है। वो पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं, हर समय उनका सम्मान रहा है, आगे भी रहेगा । त्याग पत्र क्यों उन्होंने दिया, पार्टी परिवार में बैठकर इस विषय पर विचार किया जाएगा ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *