डीएवी में श्री हनुमंत चरित्र कथा का शुभारंभ:टीकाराम मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर हुईं शामिल


नौरंगाबाद स्थित रतन प्रेम डीएवी इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में शनिवार से सात दिवसीय श्री हनुमंत चरित्र कथा का शुभारंभ हो गया। कथा के शुभारंभ से पहले सेंटर प्वाइंट स्थित ऐतिहासिक श्री टीकाराम मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा में श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
कलश यात्रा टीकाराम मंदिर से शुरू होकर समद रोड, रामघाट रोड, सुदामापुरी, बेला मार्ग, सुरेंद्र नगर तिराहा और दनादन बगीची सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल डीएवी कॉलेज के क्रीड़ा मैदान पहुंच रही है। यात्रा में धार्मिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। काली का प्रदर्शन देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी।
आयोजन में कोल विधायक अनिल पाराशर, रविंद्र पाल सिंह, एमएलसी ऋषिपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आयोजक शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक माहौल बना रहा।
19 से 25 सितंबर तक होगी कथा
आयोजकों के अनुसार 19 से 25 सितंबर तक डीएवी इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में श्री हनुमंत चरित्र कथा आयोजित होगी। कथा की अमृतवर्षा श्रीधाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. अनुराग कृष्ण पाठक के श्रीमुख से होगी।
आयोजकों का कहना है कि कथा के माध्यम से भगवान हनुमान के चरित्र, भक्ति, सेवा, पराक्रम और प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और परिवारों को भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ना भी बताया गया है।
आज से शुरू हुई कथा 25 सितंबर तक चलेगी। कलश यात्रा के साथ आयोजन की शुरुआत होने के बाद अब कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *