![]()
सुंदर दिखने की चाहत में महिलाओं की ओर से इस्तेमाल की जा रही फेयरनेस क्रीम अब जानलेवा साबित हो रही है। बाजार में मिलने वाली स्टेरॉयड युक्त क्रीम चेहरे की रंगत सुधारने के बजाय त्वचा को स्थाई रूप से डैमेज कर रही हैं। एलएलआर (हैलट) अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ऐसे 10 से 15 मामले पहुंच रहे हैं, जहां महिलाएं इन क्रीमों के गंभीर साइड इफेक्ट्स का शिकार हो चुकी हैं। डॉ. डीपी शिवहरे का कहना है, कि स्टेरॉयड क्रीम का असर केवल त्वचा तक सीमित नहीं रहता। लंबे समय तक इनका उपयोग करने से यह शरीर के अंदरूनी अंगों, विशेषकर किडनी को नुकसान पहुंचा रही हैं और हाई ब्लड प्रेशर (बीपी) की समस्या पैदा कर रही हैं। खून की नलियां दिखने लगीं, धूप में लाल हो रहा चेहरा एलएलआर अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. डीपी शिवहरे ने बताया कि महिलाओं में गोरा दिखने की होड़ बहुत अधिक है। बिना डॉक्टरी सलाह के मेडिकल स्टोर से खरीदकर लगाई जा रही क्रीमों से चेहरे की स्किन बेहद पतली हो रही है। इससे त्वचा इतनी संवेदनशील हो जाती है कि चेहरे की खून की नलियां साफ दिखाई देने लगती हैं। जब महिलाएं इन क्रीमों का इस्तेमाल अचानक बंद करती हैं, तो चेहरा पूरी तरह लाल हो जाता है और असहनीय खुजली शुरू हो जाती है। किडनी और बीपी पर सीधा प्रहार डॉ.शिवहरे का कहना है,कि महीनों या सालों तक इन क्रीमों का लेप चेहरे पर लगाने से स्टेरॉयड शरीर के सिस्टम में प्रवेश कर जाता है। यह धीरे-धीरे किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है। ओपीडी में आए कई मामलों में मरीजों में ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत भी मिली है। स्टेरॉयड का अनियंत्रित उपयोग हार्मोनल असंतुलन का कारण बन रहा है, जो शरीर के लिए भविष्य में घातक हो सकता है। सावधानी ही एकमात्र बचाव
डॉ. शिवहरे ने सलाह दी है कि किसी भी स्थिति में मेडिकल स्टोर से बिना पर्चे के कोई क्रीम न खरीदें। धूप से बचाव के लिए नियमित सनस्क्रीन का उपयोग करें और हेल्दी डाइट लें। अधिक पानी पीना और मीठे का सेवन कम करना त्वचा के लिए फायदेमंद है। त्वचा संबंधी कोई भी समस्या होने पर केवल डर्मेटोलॉजिस्ट से ही परामर्श लें। ब्यूटी पार्लर या विज्ञापनों के झांसे में आकर स्टेरॉयड का इस्तेमाल चेहरे को हमेशा के लिए खराब कर सकता है।
Source link
फेयरनेस क्रीम से त्वचा और किडनी हो रही खराब:डॉ. शिवहरे बोले- स्टेरॉयड का अधिक उपयोग बन रहा 'स्लो पॉइजन',हर दिन आ रहे 5 केस