प्रयागराज एयरपोर्ट से जल्द शुरू होगी कार्गो सेवा:एयरफोर्स से जमीन म्यूटेशन के बाद बनेगी नई बिल्डिंग, बढ़ेगा व्यापार-रोजगार


प्रयागराज के बमरौली स्थित एयरपोर्ट से जल्द ही कार्गो सेवा शुरू की जाएगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर गणेश यादव ने बताया कि कार्गो संचालन की संभावनाओं को लेकर एक पोटेंशियल सर्वे कराया गया था। इसके नतीजे सकारात्मक रहे हैं, जिससे प्रयागराज में कार्गो के लिए बेहतरीन संभावनाएं सामने आई हैं। कार्गो सेवाओं के विस्तार के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) से जमीन ली जानी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार, इस संबंध में वायु सेना से बातचीत पूरी हो चुकी है। वर्तमान में जमीन के म्यूटेशन की प्रक्रिया चल रही है, जो कुछ दिनों में पूरी हो जाएगी। म्यूटेशन की कागजी कार्रवाई पूरी होते ही एयरपोर्ट प्रबंधन विस्तृत प्रस्ताव मुख्यालय को भेजेगा। इसके बाद यहां एक अत्याधुनिक नई कार्गो बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। प्रयागराज सिविल एयरपोर्ट अर्ध कुंभ 2019 के दौरान शुरू हुआ था। तब से यहां से कई शहरों के लिए विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं। पहले करीब एक दर्जन शहर विमान सेवा से जुड़े थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उड़ानों में कमी आई है और अब केवल छह शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यात्रियों की कमी नहीं है, बल्कि ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण विमान कंपनियां संचालन कम कर रही हैं। इसी बीच कार्गो सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कार्गो सुविधा शुरू होने से प्रयागराज के साथ-साथ आसपास के जिलों के व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे शहर में व्यापार और रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *