पुरानी रंजिश में दो पक्षों में खून संघर्ष:संतकबीर नगर में 15 घायल, 16 नामजद पर गंभीर धाराओं में मुकदमा


मेंहदावल थानाक्षेत्र के जमोहरा गांव के मदरहवा टोला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 16 नामजद लोगों के खिलाफ बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में मदरहवा निवासी जितेंद्र पुत्र बालकिशुन ने बताया कि गांव के एक परिवार से उनका लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। जितेंद्र के अनुसार, सोमवार दोपहर विपक्षी पक्ष के भागवत, पांचू, अखिलेश, रमेश, बदन, उमेश, विशाल, दुखहरण, चंदन, अरुण, लालू, जगदीश, ध्रुव, केशर, विजय और रामचंद्र सहित अन्य लोग धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए घर में मौजूद सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में राजाराम, बुधिराम, ऊषा, बृजेश, बालकिशुन, झिन्नू, आनंद और शुभम सहित कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से पूरे परिवार पर हमला किया, जिससे कई सदस्य गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद सभी घायल किसी तरह थाने पहुंचे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *