![]()
मुज़फ़्फ़रनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में पानी के उपयोग को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों पक्ष सड़क पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गांव में पानी के उपयोग और निकासी को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई थी। यह विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों ओर से लोग इकट्ठा होकर हाथापाई पर उतर आए। देखते ही देखते सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग हाथों में डंडे लिए हुए हैं और एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी मौजूद थी। किसी स्थानीय व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से फैल गया। हालांकि, पुलिस के अनुसार यह कोई ताजा घटना नहीं है। पुरकाजी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि यह मामला करीब एक सप्ताह पुराना है। घटना के संबंध में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके अतिरिक्त, पांच आरोपियों का शांतिभंग की धाराओं में चालान भी किया जा चुका है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी किसी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
Source link
पानी विवाद में सड़क पर चले लाठी-डंडे:मुज़फ़्फ़रनगर में दो पक्षों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल