![]()
बरेली में सीबीगंज के नदोसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला में सोमवार को गोवंशीय पशुओं की मौत के बाद फिर हंगामा हो गया। देर शाम गौशाला से मृत पशुओं के शव ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर दफनाने के लिए ले जाए जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गोरक्षक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शवों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेरकर रोक दिया। इससे पहले शनिवार को भी इसी गौशाला में एक दर्जन से ज्यादा गोवंशों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय भी गोरक्षकों ने करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया था। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और समझाने के बाद मामला शांत हुआ था। दो दिन बाद दोबारा गोवंशों के शव मिलने से गोरक्षकों का गुस्सा फिर भड़क गया। प्रदर्शनकारियों ने गौशाला में पशुओं की देखरेख को लेकर सवाल उठाए। पुलिस पहुंची, कार्रवाई की मांग हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सेकेंड नितिन कुमार और सीबीगंज इंस्पेक्टर विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह भी कई गोवंशों की मौत हुई थी और इसे छिपाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक नगर आयुक्त और गौशाला संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान अमित गंगवार, विजय मौर्य, निर्दोष राठौर, ऋषि देव, रिंकू, वर्षा और दीपा समेत बड़ी संख्या में गोरक्षक मौजूद रहे।
Source link
बरेली में कान्हा उपवन में फिर गोवंश की मौत:गोरक्षकों का हंगामा, शवों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकी