रोडरेज के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या:हापुड़ में स्कूटी की टक्कर के बाद हुआ झगड़ा; सिर में गंभीर चोट, 8 महीने पहले हुई थी शादी


हापुड़ में पबला रोड पर सोमवार शाम रोडरेज के विवाद में 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान छिद्दापुरी निवासी नीशू पुत्र अनिल कश्यप के रूप में हुई है। वह हापुड़ की एक कपड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। नीशू के पिता अनिल कश्यप के मुताबिक, उनका बेटा सोमवार शाम करीब 7 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पबला रोड पर स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उसकी बाइक/स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नीशू और स्कूटी सवार युवकों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार युवकों ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और नीशू के साथ मारपीट शुरू कर दी। सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मौत मारपीट के दौरान नीशू के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। 8 महीने पहले हुई थी शादी नीशू की शादी करीब आठ महीने पहले शैली से हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ मुनीश चंद्र और कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान मौके पर पहुंचे। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *