पहली पत्नी पहुंची मैरिज लॉन, दूसरी शादी रुकी:कानपुर में दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में लिया, एक घंटा चला हाईवोल्टेज ड्रामा


कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर के एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हंगामा हो गया, जब एक दूल्हे की पहली पत्नी उसकी दूसरी शादी रोकने मौके पर पहुंच गई। महिला ने खुद को दूल्हे की कानूनी पत्नी बताया और विवाह रुकवा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चमनगंज निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी जूही लाल कॉलोनी के एक इंटीरियर कारोबारी युवक से वर्ष 2022 में हुई थी। वर्ष 2024 में उसकी विदाई हुई। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उनका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि कानूनी विवाद लंबित होने के बावजूद उसके पति ने बिना तलाक लिए और उसे सूचित किए बिना करीब 10 किलोमीटर दूर एक मैरिज लॉन में दूसरी शादी की तैयारी कर ली थी। महिला के अनुसार, दूल्हे के पड़ोसी ने उसे फोन पर दूसरी शादी की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने अपने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों को फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंची और शादी का विरोध करते हुए हंगामा किया। इस अचानक हुई घटना से बारात और समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। महिला ने लगभग एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस ने स्थिति को संभाला और दूल्हे को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रही। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। प्राप्त शिकायतों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला ने बताया कि आरोपी रोजाना व्हाट्सएप पर चैटिंग करता है। इतना ही महीने में कई बार मुलाक़ात भी होती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *