![]()
हरदोई में पारिवारिक कलह और पत्नी के कथित अवैध संबंधों से परेशान होकर एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक की पहचान शहर के आशा नगर निवासी 30 साल के अमित अवस्थी उर्फ योगेश के रूप में हुई है। वह शहर में अखबार बांटने का काम करते थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बुधवार की सुबह 9:18 पर उन्हें मृत घोषित किया गया। अमित मूल रूप से टड़ियावां थाना क्षेत्र के नया गांव के रहने वाले थे। उनकी शादी साल 2018 में सांडी के भगहर गांव की साधना से हुई थी। उनकी छोटी बहन प्रभा ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। उनकी कोई संतान भी नहीं थी। विवाद बढ़ने के कारण साधना पिछले 8 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। अमित की छोटी बहन प्रभा ने आरोप लगाया है कि उनकी भाभी साधना का अपने ही भांजे के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। प्रभा के मुताबिक, साधना इस समय अपने भांजे के साथ हरिद्वार में रह रही है। इसी कथित अवैध संबंध के कारण अमित लंबे समय से परेशान थे। मंगलवार की शाम अमित की फोन पर पत्नी साधना से किसी बात को लेकर तेज बहस हुई। यह बहस गाली-गलौज तक पहुंच गई। फोन पर हुई इस कहासुनी से अमित बहुत आहत हुए। दावा किया कि इस दौरान साधना ने अपने भांजे से भी गाली दिलवाईं। मंगलवार रात करीब 10 बजे अमित ने अपने कमरे में जहर खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ी और उल्टी होने लगी, तो मां मीना और बहन प्रभा उन्हें तुरंत हरदोई मेडिकल कॉलेज ले गईं। अमित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लेकिन, लखनऊ के अस्पताल में बेड नहीं मिला। इसके बाद परिजन उन्हें वापस हरदोई मेडिकल कॉलेज ले आए। बुधवार सुबह इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पत्नी से फोन पर गाली-गलौज, युवक ने खाया जहर:इलाज के दौरान दम तोड़ा, पत्नी पर भांजे से अफेयर का आरोप