पंचकूला जिम में बॉडी शेमिंग से शुरू हुई दुश्मनी:मैकेनिक नौकरी से निकलवाया तो बढ़ी रंजिश, समझौते की बैठक में चाकू घोंपकर हत्या


पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र में पुरानी रंजिश खत्म करने के लिए बुलाई गई समझौते की बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात करीब 9 बजे सकेतड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पार्क में जूस विक्रेता कपिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अभिषेक उर्फ टन्नी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी विवेक अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार एमडीसी सेक्टर-4 निवासी कपिल, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था, एमडीसी में जूस की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी कुछ युवकों से लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को खत्म करने के लिए दोनों पक्ष पार्क में पहुंचे थे। मौके पर करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा। उसी समय वहां से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम ने उसे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल अभिषेक उर्फ टन्नी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। नौकरी से शुरू हुई दुश्मनी, जिम में बढ़ा विवाद पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कपिल और मुख्य आरोपी विवेक पहले एक ही मैकेनिक की दुकान पर काम करते थे। आरोप है कि कपिल ने विवेक को नौकरी से निकलवा दिया था। इसके बाद दोनों एक ही जिम में जाने लगे, जहां बॉडी शेमिंग को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। यहीं से दोनों के बीच रंजिश गहराती चली गई। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से दो दिन पहले कपिल ने कथित तौर पर विवेक को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते विवेक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कपिल पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। डीसीपी बोले- 4 हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश जारी डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि मामले में चार मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा तीन अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ चल रही है। मुख्य आरोपी विवेक फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *