![]()
देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना भवानी छापर-हाटा मुख्य मार्ग पर भवानी छापर स्थित जियो पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर उत्तर मदनचक-हाटा मार्ग पर शाम करीब 5:20 बजे हुई। दुर्घटना स्थल जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर यूपी-बिहार सीमा पर हुई। मृतक की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के सवनहा गांव निवासी अमरजीत साह (32) पुत्र रूदल साह के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से जियो पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरजीत साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अपाचे बाइक पर सवार बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के बलहु गांव निवासी पप्पू साहनी पुत्र हरेंद्र साहनी और शुभम साहनी पुत्र सुरेंद्र साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटना के कारणों की जांच जारी है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
Source link
दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत:देवरिया में दो गंभीर घायल, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती