दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार:नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, अश्लील फोटो से ब्लैकमेल कर की थी शादी


थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने दुष्कर्म और ब्लैकमेल के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी प्रशांत गौतम को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पीड़िता की तहरीर के अनुसार, जनवरी 2026 में आरोपी प्रशांत गौतम ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया था। इस दौरान उसने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए थे। आरोप है कि इन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। धमकी के दबाव में आरोपी ने पीड़िता से मंदिर में शादी भी कर ली थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी के साथ नहीं रहना चाहती थी, लेकिन आरोपी लगातार अश्लील संदेश भेजकर और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि 12 जुलाई 2026 को आरोपी ने पीड़िता के घर में घुसकर दोबारा जबरन दुष्कर्म किया। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाथरस रोड स्थित वन सिटी कॉलोनी के पास से आरोपी प्रशांत गौतम, निवासी सती नगर, थाना ट्रांस यमुना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, संदीप सैनी, हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, कांस्टेबल शिवकेश और अभिषेक मलिक शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *